राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार चांद दिखाई देने के आधार पर ईद-उल-अजहा का पर्व 27 या 28 मई को मनाया जाएगा। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष नमाज अदा की जाएगी, जिसे देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है।
नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग और पंचायत विभाग को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नमाज स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है।
प्रशासन ने नमाज स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा आवारा पशुओं को हटाने जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पंचायत विभाग को सौंपी गई है।
इसके साथ ही सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित करने और सभी समुदायों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है।