शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर
जनपद सिद्धार्थनगर में शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने परेड की सलामी ली और पुलिस जवानों की कार्यशैली, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने परेड ग्राउंड में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का निरीक्षण करते हुए उन्हें अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई गई। साथ ही टोलीवार ड्रिल कराकर जवानों को अनुशासन और समन्वय का अभ्यास कराया गया।
परेड के दौरान पुलिस कर्मियों को शस्त्र संचालन एवं प्रशिक्षण भी दिया गया ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की कार्यक्षमता और बेहतर हो सके। एसएसपी ने जवानों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने की सीख दी।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर की नियमित सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेस, स्टोर, कैंटीन, परिवहन शाखा तथा हेलीपैड सहित विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं को भी परखा गया।
एसएसपी ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में पहुंचकर विभिन्न गार्ड रजिस्टरों की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गार्ड कमांडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी पुलिस कर्मियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अपराध, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। शुक्रवार परेड के माध्यम से पुलिस विभाग द्वारा जवानों की फिटनेस, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।