दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विकास खंड के ग्राम पंचायत मल्देवा में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम सूची को खुले आम बैठक के माध्यम से सार्वजनिक कर ग्रामीणों से सत्यापन कराया गया। बैठक में उपस्थित लोगों को बताया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को आवास सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी योग्य व्यक्ति को वंचित नहीं रखा जाएगा।
ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश दुबे ने सार्वजनिक रूप से सूची पढ़कर सुनाई, जबकि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राम विशाल चौरसिया विशेष रूप से मौजूद रहे। राम विशाल ने कहा कि योजना के कार्यान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बरती जाएगी और सभी पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई होगी।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सीता जायसवाल ने की। ग्राम प्रधान सीता जायसवाल तथा प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ काम कर के लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिये प्रतिबद्ध है।
बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गोंड़, खरवार, पनिका, पठारी तथा अन्य जनजातीय समाज के पात्र परिवारों को भी आवास मुहैया कराया जाएगा। साथ ही 50 वर्ष तक की विधवा महिलाओं को जाति या समुदाय से ऊपर उठकर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
अंत में ग्राम सभा से अपील की गई कि वे सूची का निष्पक्ष सत्यापन कर कार्रवाई में सहयोग दें, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।