नरेश सोनी ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन (HDCA) के तत्वावधान में तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) एवं ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन (AJCA) की आधिकारिक अनुमति से आयोजित
एचडीसीए ऑल इंडिया फाइड रेटिंग क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता 2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। नौ दिनों तक चले इस राष्ट्रीय शतरंज महाकुंभ में देशभर से आए शातिरों ने अपने खेल कौशल, दिमागी रणनीति और धैर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दोनों चरणों को मिलाकर कुल 668 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पहले सत्र में 272 तथा दूसरे सत्र में 396 खिलाड़ियों ने भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। प्रतियोगिता का दूसरा चरण विशेष रूप से 1800 से कम फाइड रेटिंग (अंडर-1800) खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया गया था, जिससे उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को अपनी रेटिंग सुधारने का बड़ा मंच मिला।
झारखंड के अभिनव सिंह बने चैंपियन, विजेताओं पर हुई नकद पुरस्कारों की बौछार
रविवार को नौवें राउंड की समाप्ति के बाद दोपहर आयोजित समापन समारोह में बार एसोसिएशन के सचिव सुमन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम निदेशक करण जायसवाल, संघ अध्यक्ष विजय कुमार सिंह और सचिव मनमीत अकेला ने विजेताओं के बीच कुल 37 श्रेणियों में ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कारों का वितरण किया:
शीर्ष विजेता (ओवरऑल): झारखंड के अभिनव सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें 50,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
द्वितीय व तृतीय स्थान: एआईएम मनदीप मुखी ने 7½ अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर 27,000 रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि पश्चिम बंगाल के संजीब माली ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए 15,000 रुपये नकद हासिल किए।
प्रमुख रैंकर: बुबाई चटर्जी चौथे, कृष्ण कुमार मल्ल पांचवें, निलांता चंदा छठे एवं अर्कप्रभा बनिक सातवें स्थान पर रहे।
विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की सूची:
बेस्ट फीमेल श्रेणी: अदीबा उल्लाह (बिहार) प्रथम, अनन्या सामंता द्वितीय, प्रेरणा घोष तृतीय।
बेस्ट हजारीबाग खिलाड़ी: पवन कुमार वर्मा प्रथम, ऋषभ कुमार को द्वितीय, अयान उत्कर्ष तृतीय।
बेस्ट वेटरन (55+ वर्ग): गौतम डे प्रथम, कुमार अस्विनी द्वितीय, सह अमोद कुमार तृतीय।
जूनियर वर्ग (बॉयज़ एंड गर्ल्स): अंडर-15 में समनावय पाल व अनिशा चक्रवर्ती; अंडर-13 में दिव्यंश बारिक व वन्या श्रीवास्तव; अंडर-11 में प्यांशु नाथ व श्रेष्टा शर्मा; अंडर-09 में शार्नव रॉय व साईआस्था सिंह तथा अंडर-07 वर्ग में सर्वम समर्थ व स्वस्तिश्री सतपथी ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
स्पेशल प्लेयर अवार्ड: ईशान पाठक एवं अविका सिंह को विशेष खेल भावना के लिए सम्मानित किया गया।
हजारीबाग की पहचान अब राष्ट्रीय स्तर पर: अतिथि व आयोजक
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुमन कुमार सिंह ने कहा कि हजारीबाग में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन युवाओं को बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम निदेशक करण जायसवाल ने इसे हजारीबाग के खेल इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि आने वाले समय में यहाँ इससे भी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन कराए जाएंगे। संघ सचिव मनमीत अकेला ने खिलाड़ियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य हजारीबाग को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर स्थापित करना था, जो पूरी तरह सफल रहा। प्रतियोगिता को सफल बनाने में मुख्य निर्णायक विशाल मिंज, सहसचिव बृजेश कुमार, सुमन जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजन शाह एवं कुश पांडे सहित पूरी आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा।