शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, ऐसे में लगातार बिजली कटने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दिन में तेज धूप और उमस से परेशान लोग रात में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण चैन की नींद तक नहीं ले पा रहे हैं।
विशेष रूप से इटवा विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शाम 7 बजे से शुरू होने वाली कटौती देर रात 2 बजे तक जारी रहती है। इस दौरान कई बार बिजली आती-जाती रहती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण भी सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं।
सबसे अधिक समस्या डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र तरहर फीडर पर देखने को मिल रही है। ग्रामीणों और कस्बावासियों का कहना है कि रात के समय घंटों बिजली गुल रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया जाता है तो उन्हें हर बार यही जवाब मिलता है कि “ऊपर से सप्लाई नहीं मिल रही है।” विभागीय अधिकारियों के इस रवैये से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के बजाय अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
गर्मी के इस भीषण दौर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। आम जनता ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।