फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।
गंगा दशहरा पर्व पर फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव भोलापुर गंगा घाट और गौतारा घाट पर विशाल मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाटों पर उमड़ पड़ी। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और “हर-हर गंगे” के जयकारे गूंजते रहे।
मेले में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने श्रृंगार व घरेलू सामान की दुकानों पर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने खिलौने, झूले और मिठाइयों का आनंद लिया। मेले में लगी दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही, जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में दरोगा, महिला पुलिसकर्मी और कांस्टेबल लगातार घाटों एवं मेले क्षेत्र में गश्त करते रहे। पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह मीठे शरबत के प्याऊ लगाए गए। समाजसेवियों ने सेवा भाव से लोगों को शरबत वितरित किया। गंगवाल मेडिकल के सौजन्य से भी शरबत वितरण स्टॉल लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शरबत ग्रहण किया।
देर शाम तक घाटों और मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही। गंगा दशहरा के अवसर पर आस्था, उत्साह और सामाजिक सहयोग का सुंदर संगम देखने को मिला।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली