राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी 19 जुलाई को कटनी में आयोजित होने जा रहे मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम होटल राज पैलेस में संघ के पदाधिकारियों एवं साथियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान एवं आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने सम्मेलन में प्रदेशभर से आने वाले पत्रकार साथियों के स्वागत, आवास, मंच संचालन एवं आयोजन व्यवस्थाओं को लेकर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पत्रकारों के हितों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी प्रादेशिक सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का भी वितरण किया गया।