दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश में चल रहे साइबर अपराध रोधी अभियान के तहत स्थानीय थाना की साइबर टीम ने प्रभावी कार्रवाई करके कुल 43,446.77 साइबर ठगी की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस करवाई है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में एवं प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने बताया कि पहला प्रकरण रत्नेश कुमार गुप्ता पुत्र जानकी प्रसाद निवासी ग्राम खजुरी का है, जिनके खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा लिंक के माध्यम से कुल 47,400 की ठगी की गई थी। एनसीआरपी पर शिकायत के बाद दुद्धी साइबर टीम ने त्वरित कदम उठाते हुए बैंक से 45,000 होल्ड कराए। न्यायालय के आदेश और बैंक से समन्वय के बाद होल्ड राशि में से 33,247.77 सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस करवा दिए गए।
दूसरा मामला धीरेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र आरत सिंह निवासी ग्राम धनौरा का था, जिनके खाते से कुल 20,998 की ठगी हुई थी। शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने 18,404 होल्ड कराए और न्यायिक प्रक्रियाओं के तहत बैंक से समन्वय कर के ₹10,199 वापस करवा दिए गए।
इन दोनों मामलों में कुल मिलाकर पीड़ितों को ₹43,446.77 वापस मिले। पीड़ितों ने सोनभद्र पुलिस की तेज और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस ने बताया कि धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, म0का0 संध्या यादव और साइबर हेल्प डेस्क थाना दुद्धी के कर्मचारी शामिल थे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नज़दीकी थाने पर सूचना दें।