प्रीतम यादव ब्यूरो चीफ कबीरधाम छत्तीसगढ़ – ITN National News.
कवर्धा — कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और जनहित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों से मई के साथ जून माह के चावल वितरण को इस माह के अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि सभी पीडीएस दुकानों में चावल भंडारित किया जा चुका है तथा हितग्राहियों को सूचना देकर वितरण कार्य निरंतर कराया जा रहा है।
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि निजी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले ऐसे मरीज, जिनके आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनका अनिवार्य रूप से कार्ड बनाया जाए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों की मैपिंग कर विशेष शिविरों के माध्यम से शीघ्र लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जल संचयन अभियान के अंतर्गत सोक पीट एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण को लेकर कलेक्टर ने पंचायत, नगरीय निकाय, वन, कृषि सहित संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यक्तिगत कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी भवन एवं छात्रावास निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि सभी निर्माण कार्यों को तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की विकासखंडवार समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन संबंधित विभाग और स्तर तक समय पर पहुंचे तथा निराकरण के बाद जानकारी पोर्टल में अपलोड की जाए।
बैठक में जनगणना-2026 के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं हाउस लेवल ब्लॉक सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लक्ष्य से पीछे चल रहे क्षेत्रों में कार्य में तेजी लाकर सर्वे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल, एडीएम विनय पोयाम, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।