मोरड़ा, 27/08: मयूरभंज जिले के रसगोविंदपुर ब्लॉक के देवशूल स्थित प्रसिद्ध बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि बदमाश मंदिर के दो गेटों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दान पेटी तोड़कर उसमें रखे रुपये लूट ले गए।इसके अलावा मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की एलसीडी भी चोर अपने साथ ले गए। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से रसगोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मंदिर प्रबंधन समिति के मुख्य प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार दलाई ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।शिकायत मिलने के बाद रसगोविंदपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।प्रसिद्ध शिवधाम में चोरी की घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा चोरी में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।