राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के साथ ही 31 मई तक चलने वाली सप्ताहभर की गतिविधियों की शुरुआत भी की गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को तंबाकू और निकोटिन की लत से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के संबोधन से हुई। उन्होंने छात्राओं को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “आकर्षण का पर्दाफाश – निकोटिन और तंबाकू की लत का मुकाबला” रखी गई है। इसी थीम के तहत महाविद्यालय में पूरे सप्ताह निबंध, प्रश्नमंच और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राएं तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर अपने विचार प्रस्तुत करेंगी और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश देंगी।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के स्टॉफ एवं छात्राओं ने “तंबाकू मुक्त भारत, स्वस्थ भारत” की शपथ ली। सभी ने स्वयं तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।