राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में मानसून के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम प्रशासन ने शहर के दो जर्जर भवनों के हिस्सों को डिस्मेंटल कर बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका को टालने की कार्रवाई की।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह और अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि लगातार हो रही समीक्षा के बाद निगम द्वारा ऐसे भवनों की पहचान की जा रही है, जो बारिश के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। इसी कड़ी में बी.डी. अग्रवाल वार्ड और महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित दो भवनों के जर्जर हिस्सों को तकनीकी अमले की मौजूदगी में चरणबद्ध तरीके से हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में ऐसे सभी पुराने और क्षतिग्रस्त भवनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने भवन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पुराने भवनों की समय-समय पर जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर मरम्मत या हटाने की कार्रवाई स्वयं करें, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके।
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास मौजूद जर्जर और खतरनाक भवनों की जानकारी निगम प्रशासन को दें। निगम का कहना है कि शहर को सुरक्षित और आपदा जोखिम से मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।