फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा जागीर में मंगलवार को अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन में लगी जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। पुलिस की दबिश पड़ते ही खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि जेसीबी मशीन खेत में ही छूट गई।
सूत्रों के मुताबिक गांव में लंबे समय से रात के अंधेरे और दिनदहाड़े मिट्टी खनन का खेल चल रहा था। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि रहपुरा जागीर में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ियों को देखते ही खनन माफियाओं में भगदड़ मच गई। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ाते हुए फरार हो गए, जबकि जेसीबी मशीन मौके पर ही छोड़ दी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार खनन माफियाओं की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि थाना फतेहगंज पश्चिमी में नवागत थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के नेतृत्व में हुई, इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली