राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सोमवार को मसुरहा वार्ड एवं जालपा देवी वार्ड में निर्मित संयुक्त सीसी सड़क का पार्षदों और अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्य में गंभीर गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई।
क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और गुणवत्ता में लापरवाही की शिकायत मिलने पर निगम अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया गया कि सड़क निर्माण हुए अभी महज एक सप्ताह ही बीता है, लेकिन सड़क की सतह कई स्थानों पर उखड़ने लगी है और सीमेंट-रेत बाहर निकल रही है। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए निगम अध्यक्ष ने निर्माण एजेंसी को तत्काल सड़क का पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय तक जनता को सुविधा देने के उद्देश्य से किए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद गुणवत्ता परीक्षण गंभीरता से किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने न आएं। उन्होंने कहा कि नगर विकास के हर कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
इस दौरान जिला योजना समिति सदस्य एवं पार्षद शशिकांत तिवारी, पार्षद ओमप्रकाश ‘बल्ली’ सोनी, अवकाश जायसवाल, सोनू बहरे, अज्जू सोनी सहित नगर निगम के अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।