राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम भले ही शहर में स्वच्छता और नाला सफाई को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मामला मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत बंधवाटोला क्षेत्र का है, जहां मुख्य नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने से रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य नाला पूरी तरह गंदगी और कचरे से पट चुका है, जिसके कारण जरा सी बारिश में पूरी बस्ती जलमग्न हो जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
रहवासियों ने बताया कि यह मुख्य नाला चारों ओर से आने वाले पानी का प्रमुख निकास मार्ग है, लेकिन सफाई के अभाव में पानी की निकासी रुक जाती है और बारिश का पानी घरों के आसपास भरने लगता है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि नगर निगम नया नाला निर्माण नहीं करवा सकता, तो कम से कम नियमित सफाई व्यवस्था तो सुनिश्चित करे। लोगों का कहना है कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले यदि नाले की सफाई नहीं कराई गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन बंधवाटोला के रहवासियों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल पाती है।