सहारनपुर
सहारनपुर। जनपद मे अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत थाना मिर्ज़ापुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद इलाके के शातिर हिस्ट्रीशीटर और गौकश सलमान को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
आज मिर्ज़ापुर के थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ कासमपुर बिजली घर के पास विकासनगर-सहारनपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया परन्तु बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और पाडली रजवाहे की तरफ भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों की मोटरसाइकिल कच्ची चकरोड पर फिसल कर गिर गई, जिसके बाद उन्होंने आम के बाग से दोबारा पुलिस पर गोलियां भी चलाईं। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त सलमान निवासी रायपुर के दाएं पैर में गोली लगी और पुलिस द्वारा उसे दबोच लिया गया। घायल बदमाश को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है। थाना मिर्जापुर पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार सलमान थाना मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर ज़िले के विभिन्न थानों में गौकशी, लूट और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्ज़े से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा, तीन ज़िन्दा कारतूस, गोकशी के उपकरण और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़