उप संपादक आशीष मिश्रा
गाजियाबाद
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर भीषण गर्मी से बेहाल राहगीरों के लिए राष्ट्रीय सैनिक संस्था, गोविंदपुरम मंडल ने राहत की ठंडक पहुंचाई। संस्था द्वारा आकाश नगर, मंगल बाजार रोड पर छबिला लगाकर ठंडे मीठे शरबत का वितरण किया गया।
गंगा दशहरा के दिन शीतल पेय, जल और शरबत वितरण सनातन परंपरा का अहम हिस्सा है। इसी परंपरा को निभाते हुए संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को शरबत पिलाया। तीव्र गर्मी के बीच शीतल शरबत पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की। राहगीरों का कहना था कि धार्मिक पर्वों पर इस तरह के सेवा कार्य समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ाते हैं। कई बुजुर्गों और बच्चों ने भी छबिले पर रुककर शरबत पिया और आयोजकों को आशीर्वाद दिया।
इस सेवा कार्य में लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा, गौरव सेनानी राजवीर नागर प्रधान, जिले सिंह तेवतिया, गौरव सेनानी ओम पाल सिंह, अजय तोमर, उदय वीर दरोगा, दिनेश, नानक चंद और शिव कुमार शर्मा सहित संस्था के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धापूर्वक शरबत वितरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गंगा मैया की पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना भी की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था सामाजिक और धार्मिक अवसरों पर सेवा कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहती है। भविष्य में भी इस तरह के जनसेवा के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।