पडरौना, कुशीनगर:
विकास खण्ड विशुनपुरा अंतर्गत ग्राम सभा गम्भीरिया के टोला खुर्द जानकी नगर में सार्वजनिक चकरोड पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जानकी नगर कुटी से लल्लन कुशवाहा के घर तक जाने वाली सरकारी चकरोड पर रामेश्वर कुशवाहा द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कर लिया गया है, जिससे आम रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इस अवैध कब्जे की शिकायत ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से की थी। शिकायत के आधार पर क्षेत्रीय लेखपाल मनोज चौरसिया मौका मुआयना करने और स्थलीय स्थिति का जायजा लेने पहुँचे। जब लेखपाल ने कब्जा करने वाले व्यक्ति को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, तो वह और उनके परिजन सरकारी कर्मचारी से ही उलझ गए। बताया जा रहा है कि कब्जा करने वाले पक्ष की ओर से दूसरी चकरोड को भरने का प्रस्ताव दिया गया, जिसे लेखपाल ने सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि पहले सार्वजनिक रास्ते से अवैध कब्जा हटाया जाना अनिवार्य है, उसके बाद ही किसी अन्य विषय पर बात की जा सकती है। वही ग्रामीणों का कहना है कि चकरोड पर हुए इस पक्के निर्माण के कारण लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता संकरा और अवरुद्ध होने से ग्रामीणों, खासकर किसानों को मुख्य मार्ग तक पहुँचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक संपत्ति पर किए गए इस अवैध अतिक्रमण को अविलंब हटवाया जाए और सरकारी रास्ते को सुगम बनाया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का कोई विवाद न हो।