आंवला बरेली थाना सिरौली के ग्राम बरसेर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।जहां प्यार की जिद पर अड़ी 18 वर्षीय क्रांति को उसके ही सगे खून ने मौत के घाट उतार दिया। शुरुआत में जिसे बीमारी से हुई मौत बताकर रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही थी, थाना प्रभारी विनोद सिंह की पैनी नजरों और मुस्तैदी ने महज 24 घंटे के भीतर उस ‘ऑनर किलिंग’ का खौफनाक सच बेनकाब कर दिया।
बीमारी की झूठी कहानी और PM रिपोर्ट का यू-टर्न
26 मई 2026 को पुलिस को बरसेर गांव में क्रांति पुत्री महेंद्र की संदिग्ध मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे पुलिस बल को पिता महेंद्र और पड़ोसियों ने बताया कि क्रांति मिर्च तोड़ने खेतों में जाती थी और कई दिनों से बीमार होने के कारण रात में उसकी मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार करना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने सूझबूझ से उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जैसे ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, पुलिस के भी होश उड़ गए। रिपोर्ट में मौत का कारण थ्रोटलिंग’ (गला घोंटना) आया और शरीर पर चोट के नीले निशान मिले।
लव अफेयर बना मौत का सबब जांच में सामने आया कि क्रांति गांव के ही अकरम नाम के लड़के से बात करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी। 24 मई को पिता महेंद्र ने उसे बात करते देख लिया, जिसके बाद उसका मोबाइल छीनकर पिता और दोनों भाइयों ने उसे बेरहमी से पीटा।
रात 1 बजे उतारा मौत के घाट
इज्जत की खातिर पिता महेंद्र (50 वर्ष) और उसके दो बेटों—आकाश व अमन—ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। 24 मई की रात करीब 1 बजे तीनों ने मिलकर क्रांति को फिर से पीटा और गला घोंटकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी। मृतका पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी और अविवाहित थी। जिसकी मां का पहले ही देहांत हो चुका है।
सिंघम स्टाइल में 24 घंटे में खुलासा
बिना किसी लिखित तहरीर के भी पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा। थाना प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने महज 24 घंटे के अंदर आरोपियों के झूठ का पर्दाफाश कर दिया।
गिरफ्तार करने वाली जांबाज पुलिस टीम।
थाना प्रभारी विनोद सिंह
उपनिरीक्षक सचिन मलिक
हेड कांस्टेबल वेदराम सिंह
कांस्टेबल भरत वीर, निशांत चौधरी
पुलिस के अनुसार, जल्द ही औपचारिक तहरीर प्राप्त कर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस त्वरित खुलासे से पूरे इलाके में सिरौली पुलिस की जमकर तारीफ हो रही है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश