बाँदा
जनपद के बिसंडा कस्बे में तेज रफ्तार के कहर ने एक बार फिर कोहराम मचा दिया। यहाँ बालू और गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रकों की अनियंत्रित गति ने पाँच मासूम जिंदगियों को बेरहमी से लील लिया, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक ने पहले रास्ते में एक बाइक सवार को टक्कर मारी। वहाँ से भागने की फिराक में ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी, जिसके बाद सामने से आ रहे सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा (बैटरी रिक्शा) को रौंद डाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पाँच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस भयावह घटना के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आए दिन होने वाले इन हादसों और बेलगाम ट्रकों पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बमुश्किल आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और शवों को कब्जे में लेकर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
मंडल ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से