राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विकासखंड बड़वारा के ग्राम विलायतकला में संचालित “बेस्ट केयर क्लीनिक” पर छापामार कार्रवाई कर क्लीनिक को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक से करीब 50 प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला स्तरीय टीम द्वारा की गई जांच में क्लीनिक का संचालन जाकिर हुसैन द्वारा किया जाना पाया गया। पूछताछ में उसने स्वयं को बीएएमएस डिग्रीधारी बताया, लेकिन संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही मध्यप्रदेश मेडिकल काउंसिल में आवश्यक पंजीयन भी नहीं कराया गया था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बिना वैध अनुमति के क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। परिसर में पांच बिस्तर मिले, जहां मरीजों को भर्ती कर एलोपैथी पद्धति से उपचार किया जा रहा था। जबकि बीएएमएस चिकित्सक को केवल आयुर्वेद पद्धति से इलाज की अनुमति होती है। इसके बावजूद एलोपैथिक दवाइयों का उपयोग गंभीर अनियमितता माना गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश उपचारगृह तथा रुजोपचार संबंधी स्थापना अधिनियम 1973 की धारा 3 एवं 4 के तहत कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया गया और मौके से 50 प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बड़वारा हर्षवर्धन रामटेके, थाना प्रभारी के.के. पटेल, क्षेत्रीय पटवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।