राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर बस्ती स्थित आईएचएसडीपी योजना के 8 आवासों को कब्जामुक्त कराया। जांच में अपात्र पाए गए लोगों के कब्जे हटाकर निगम प्रशासन ने संबंधित मकानों पर अपने ताले लगा दिए।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर पात्र हितग्राहियों के सत्यापन एवं शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा योजना के मकानों पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर लिया गया था, जिससे वास्तविक पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित हो रहे थे।
निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भवन क्रमांक C-11, E-1, E-4, C-35 सहित ई श्रेणी के 1, 2, 6 एवं 20 क्रमांक के आवासों को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित मकानों को निगम के कब्जे में लेकर उन पर ताले लगाए गए।
सहायक यंत्री सुनील सिंह ने बताया कि निगम कार्यालय में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिनकी गंभीरता से जांच कराई गई। जांच में संबंधित कब्जाधारियों को प्राथमिक रूप से अपात्र पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक और जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
इस दौरान सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित निगम का अमला मौजूद रहा।