फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव धन्तियां में मामूली कहासुनी को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, लेकिन फिलहाल सभी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव धन्तियां निवासी तीर्थराम बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे गांव के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में खड़े दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने उस पर टिप्पणी कर दी। आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवकों ने तीर्थराम को घेरकर जमकर पीटा, जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लाठी फटकार कर दोनों पक्षों को शांत कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार घायल तीर्थराम को अपने साथ थाने ले आए, जहां उसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली