फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे में बुधवार देर शाम बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर सात निवासी अमान बुधवार देर शाम बाजार से खरीदारी करके अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि जामा मस्जिद के पास पहले से घात लगाए बैठे कस्बे के फैज, शमीम और तीन अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे जमकर पीटा, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घायल युवक को थाने लाकर उसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली