फतेहगंज पश्चिमी
फतेहगंज पश्चिमी-शाही रोड पर बृहस्पतिवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हादसे के बाद भाग रहे ट्रैक्टर को भी पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से धौरा टांडा निवासी डॉ. जहीरूद्दीन कस्बे के मोहल्ला अंसारी चौड़ा खड़ंजा में रहते हैं। बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी, बेटियां आरफा, राजदा, आयशा तथा दामाद ताहिर के साथ कार से धौरा टांडा नमाज पढ़ने गए थे। रात करीब नौ बजे सभी लोग वापस फतेहगंज पश्चिमी लौट रहे थे। कार ताहिर चला रहे थे।
बताया जाता है कि गांव कुरतरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। चालक ताहिर गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गए, जिससे कार के गेट लॉक हो गए और अंदर बैठे लोग घबरा गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे और गेट तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी को बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने चालक ताहिर की हालत नाजुक बताई है।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली