फतेहगंज पश्चिमी।
रबड़ फैक्ट्री कॉलोनी स्थित मैदान में ओम विष्णु हरि घट-घट वासी के तत्वावधान में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धा और उत्साह के बीच निकाली गई कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम पूज्य ओम विष्णु हरि घटघटवासी जी ने संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को आईडी कार्ड एवं नियुक्ति पत्र प्रदान कर माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है और समाज के हर वर्ग को इसमें सहभागिता निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजक प्रदेश अध्यक्ष ओंकार श्रीवास्तव, प्रदेश प्रभारी दीनानाथ श्रीवास्तव, प्रदेश सह प्रभारी वीरेंद्र कुमार शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष अनीता गंगवार तथा कल्पना देवी ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, एकता और धार्मिक भावना को मजबूती मिलती है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली