राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
ग्राम पंचायत बिस्तरा में स्थित एक खुली खदान में गिरने से सुजीत कोल के मासूम बालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर एसडीआरएफ टीम को मौके पर रवाना करवाया। बचाव दल द्वारा काफी कठिन प्रयासों और घंटों की मशक्कत के बाद बालक के शव को खदान से बाहर निकाला गया।
दुःखद घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा स्वयं मौके पर पहुँचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की बात भी कही।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में मौजूद खुली और असुरक्षित खदानों को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं खदानों को सुरक्षित ढंग से बंद कराने की मांग की है।