बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी एक प्रेमी युगल के शव नरौरा थाना क्षेत्र के पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास एक पेड़ से लटके मिले। दोनों 27 मई से लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
मृतकों की पहचान गंगापुर निवासी 21 वर्षीय गगन लोधी पुत्र स्वर्गीय वीर सिंह और 14 वर्षीय नंदनी कुमारी पुत्री रोहित कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों 27 मई 2026 से अपने घरों से लापता थे।
नंदनी के भाई कपिल कुमार ने डिबाई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गगन उसकी बहन को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस संबंध में डिबाई थाने में बीएनएस के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह कर रहे थे।
गुरुवार को नरौरा पुलिस को पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नरौरा थाना प्रभारी भुनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह, डिबाई कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान, रामघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र शुक्ला और
राजघाट चौकी प्रभारी उमाशंकर भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। बुलंदशहर से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घटनास्थल से एक अपाची मोटरसाइकिल, कपड़ों से भरा एक बैग, आधार कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई है। शव एक से दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे थे। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नरौरा पुलिस इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
संवाददाता अतुल कुमार की रिपोर्ट