दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के कर्मचारी और होनहार खिलाड़ी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र और देश का मान बढ़ाया है।रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में 20-24 मई 2026 तक आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप में रवि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ी भाग लेने के साथ उच्च स्तरीय मुकाबला हुआ।
रेणुकूट निवासी रवि की उपलब्धि की सूचना पर सोनभद्र में उत्साह का माहौल रहा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रवि को फूल-माला और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि रवि की जीत जिले व प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और उनके संघर्ष ने युवाओं के लिए प्रेरणा का काम किया है।
हिण्डालको ने भी उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया। कंपनी के सीईओ समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा, बॉयलर को‑जेन हेड कैलाश प्रधान, कमल किशोर व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रवि को बधाई दी। रेणुकूट रेलवे स्टेशन से लेकर हिण्डालको के एचआर विभाग तक ढोल‑नगाड़ों और फूल‑मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया। कंपनी के विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
मीडिया कॉन्फ्रेंस में रवि ने अपनी कठिन परिश्रम और अनुशासन की बात करते हुए आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के चलते यह मुकाम हासिल हुआ। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता व स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया और बताया कि माता-पिता के सपनों को पूरा करना उनका प्रमुख लक्ष्य था। रवि की यह उपलब्धि सोनभद्र व उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।