गुमला
गुमला। सिसई प्रखंड के मदरसा रोड स्थित एक प्रज्ञा केंद्र में पैसा निकासी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने केंद्र संचालक पर 10 हजार रुपये की निकासी के बाद भी राशि नहीं देने और लगातार गुमराह करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने सिसई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, खूंटी जिले के रनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटांगर गांव निवासी 20 वर्षीय शांति कुमारी अपने मायके सिसई आई हुई थीं। इसी दौरान पैसों की आवश्यकता पड़ने पर वह मदरसा रोड स्थित चाहत मोबाइल एंड ऑनलाइन सेंटर पहुंचीं। पीड़िता के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे उन्होंने अपने बैंक ऑफ इंडिया खाते से आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AEPS) के माध्यम से 10 हजार रुपये की निकासी की प्रक्रिया पूरी की।
शांति कुमारी का आरोप है कि फिंगरप्रिंट सत्यापन के बाद केंद्र संचालक ने उन्हें बताया कि “लिंक फेल” हो गया है, इसलिए पैसा नहीं निकला। संचालक ने अगले दिन आने को कहा। हालांकि, केंद्र से बाहर निकलते ही उनके मोबाइल पर 10 हजार रुपये की निकासी का मैसेज प्राप्त हुआ। इसके बाद वह तुरंत वापस केंद्र पहुंचीं और संचालक से राशि की मांग की, लेकिन उन्हें फिर अगले दिन आने को कहा गया।
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद कई बार केंद्र जाने पर कभी एक सप्ताह बाद तो कभी कुछ दिन बाद आने की बात कहकर टालमटोल किया जाता रहा। लगभग एक माह तक चक्कर लगाने के बावजूद राशि नहीं दी गई। अंततः संचालक ने पैसा देने से साफ इनकार कर दिया और कथित रूप से धमकी भी दी कि “पैसा नहीं मिलेगा, जो करना है कर लो।”
मामले से परेशान होकर पीड़िता ने समाजसेवी संजय वर्मा के सहयोग से सिसई थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निकाली गई राशि वापस दिलाने एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने अपने आवेदन की प्रति सिसई प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को भी सौंपते हुए संबंधित प्रज्ञा केंद्र की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
वाइट –
1 शांति कुमारी ( पीड़ित)
2 संजय वर्मा (समाजसेवी)
शम्भू चौहान ब्यूरो चीफ