बरेली।
एक तरफ आसमान से बरसती आग, दूसरी तरफ ईद-उल-अजहा की रौनक। भीषण गर्मी के बीच फरीदपुर विधानसभा में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने ठंडे शरबत के साथ भाईचारे का संदेश पहुंचाया।
जिला प्रभारी पवन सागर बुधवार को मुस्लिम समाज के बीच पहुंचे और लोगों को ईद-उल-अजहा की दिली मुबारकबाद दी। गर्मी को देखते हुए मौके पर शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सैकड़ों लोगों ने शरबत पीकर राहत ली और इस पहल की जमकर सराहना की।
“ईद प्रेम और त्याग का त्योहार”
कार्यक्रम में पवन सागर ने कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम, त्याग और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मौके पर सभी समुदायों को मिलजुलकर त्योहार मनाना चाहिए। इससे समाज में भाईचारा मजबूत होता है।
उन्होंने फरीदपुर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि सामाजिक सद्भाव ही असली ताकत है। गर्मी में शरबत वितरण का मकसद सिर्फ राहत देना नहीं, बल्कि इंसानियत का संदेश पहुंचाना था।
स्थानीय नेताओं ने भी दी बधाई
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मोहम्मद निसार अहमद और नगर प्रभारी गौहर अय्यूब अंसारी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने लोगों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि त्योहारों के मौके पर ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को बढ़ाते हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में शरबत वितरण की यह पहल राहत भरी रही। लोगों का कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आपसी सौहार्द बढ़ता है।
भीड़ में दिखा उत्साह
शरबत वितरण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हुए। गर्मी से परेशान लोगों ने ठंडे शरबत की चुस्की ली और आयोजकों को धन्यवाद दिया। कई लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन हर त्योहार पर होने चाहिए, ताकि समाज में प्रेम और एकता बनी रहे।
कार्यक्रम के अंत में पवन सागर ने कहा, “आप सभी को दिल से ईद मुबारक।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सौहार्द के कार्यक्रम जारी रहेंगे।