बरेली।
सरकारी फाइलों में फंसी योजनाएं अब नहीं चलेंगी। शनिवार को बरेली सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश सरकार के MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने विभागीय अधिकारियों की क्लास लगाते हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की।
मंत्री ने कहा- सरकारी योजनाओं का लाभ आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में जरा भी लापरवाही हुई तो कार्रवाई तय है।
2047 के विकसित भारत में MSME की अहम भूमिका
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में MSME विभाग की भूमिका सबसे अहम है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नए रोजगार सृजित करने के लिए लगातार काम कर रही है। विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा हो रही है ताकि उनका लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।
विपक्ष पर तीखा हमला, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कहा
सोशल मीडिया पर चल रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह हताश और निराश हो चुका है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक एजेंडा चलाया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि अब जनता जागरूक है। भ्रम फैलाने वाली राजनीति को लोग पूरी तरह नकार चुके हैं।
पेपर लीक पर सख्त रुख, दोषियों को नहीं बख्शेंगे
पेपर लीक के मामलों पर मंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और सरकार इसे लेकर पूरी तरह गंभीर है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है। उन्होंने साफ किया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार की पहली प्राथमिकता युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
विकास, रोजगार और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
बरेली दौरे पर आए मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाओ, योजनाओं की निगरानी बढ़ाओ और जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान करो।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार विकास, रोजगार और सुशासन के एजेंडे पर पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है। अब सिर्फ कागजों पर योजनाएं नहीं चलेंगी, जमीनी हकीकत बदलनी होगी।