बरेली।
आसमान से आग बरस रही है और बरेली में बिजली की डिमांड रिकॉर्ड तोड़ रही है। ऐसे में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आम जनता से सीधी अपील की है- बिजली बचाइए, वरना पूरे जिले में अंधेरा पसर सकता है।
डीएम ने कहा कि तापमान लगातार बढ़ रहा है और बिजली की खपत अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। प्रशासन और विद्युत विभाग दिन-रात सप्लाई बनाए रखने में जुटे हैं, लेकिन बिना जनसहभागिता के यह जंग नहीं जीती जा सकती।
आपके घर की बचत, किसी के घर की रोशनी
डीएम अविनाश सिंह ने भावुक अंदाज में कहा, आपके घर में बचाई गई थोड़ी-सी बिजली किसी दूसरे घर में अंधेरा होने से रोक सकती है। उन्होंने हर नागरिक से जिम्मेदारी निभाने की अपील की ताकि पूरे जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।
शाम 6 से रात 11 बजे तक भारी उपकरणों पर रोक
डीएम ने खासतौर पर शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक ऑवर्स में भारी विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। वाटर पंप, वाशिंग मशीन, हीटर जैसे ज्यादा बिजली खींचने वाले उपकरण जरूरत पड़ने पर ही चलाएं।
जिन घरों में एक से ज्यादा एसी हैं, वहां सिर्फ जरूरत के हिसाब से ही एसी चलाने की हिदायत दी गई है। तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने को कहा गया है, ताकि बिजली की खपत कम हो और लोड बैलेंस रहे।
एक यूनिट बचत से बदलेगी तस्वीर
डीएम ने कहा कि अगर हर उपभोक्ता रोजाना सिर्फ एक यूनिट बिजली बचाने का संकल्प ले तो इसका असर पूरे जिले पर दिखेगा। बिजलीघरों पर लोड कम होगा, ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहेंगे और सप्लाई सुचारु बनी रहेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक बिजली उपकरण बंद रखें, ऊर्जा संरक्षण अपनाएं और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
समाज के हित में सोचने की जरूरत
अविनाश सिंह ने कहा कि अब वक्त सिर्फ अपने घर की चिंता करने का नहीं है। भीषण गर्मी और बढ़ती मांग के बीच पूरे समाज के हित में सोचना होगा। अगर जनता ने साथ दिया तो बिजली संकट से आसानी से निपटा जा सकता है, वरना ओवरलोड और कटौती का खतरा मंडराता रहेगा।