मथुरा
मथुरा में पवित्र 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर स्थित महोली गांव में तीन दिन पहले हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आस्था के मार्ग को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहलाने वाले बदमाशों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए पुलिस ने कल 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।मुठभेड़ और दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, 8 जिंदा कारतूस, 7 खोखे और भारी मात्रा में लाठी-डंडे बरामद किए हैं।बता दें कि तीन दिन पहले महोली गांव में 84 कोस परिक्रमा के दौरान दो पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने सरेआम असलहे लहराते हुए फायरिंग झोंक दी थी। परिक्रमा मार्ग जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस वारदात से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई थी और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।वारदात के बाद से ही कप्तान के निर्देश पर इलाका पुलिस और स्वात टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने कल इन 9 उपद्रवियों को धर दबोचा। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्हें अवैध असलहे कहां से सप्लाई हुए थे।परिक्रमा मार्ग में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां अपराधियों में खौफ है, वहीं स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। देखना होगा कि इन पर आगे क्या बड़ी कानूनी कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट होती है।
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा