एटा। मलावन थाना क्षेत्र में देर रात ट्रैक्टर और आयशर कैंटर की भिड़ंत हो गई। कैंटर ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैंटर चालक केबिन में फंस गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का केबिन टूट गया और चालक अंदर ही फंस गया। सूचना मिलने पर मलावन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के सिपाही निशांत शर्मा ने टीम के साथ काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। मलावन थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
