बालाघाट।
खैरलांजी थाना क्षेत्र के ग्राम भौरगढ़ में पंचायत की शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रविवार को बालाघाट में आयोजित प्रेस वार्ता में सरपंच देवेंद्र बारेवार और पंचों ने कार्रवाई की मांग की।
सरपंच ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की मांग थी। पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर बाजार चौक में प्लास्टिक सेट का शौचालय और पेशाबघर बनवाया था, ताकि यात्रियों और महिलाओं को सुविधा मिल सके। आरोप है कि 9 मई को कुछ लोगों ने शौचालय और उसके सीमेंट-कांक्रीट ढांचे को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद जितेन्द्र उर्फ राजा लिल्हारे, जितेन्द्र लिल्हारे, दीपक डोहरे, धनराज राउत और सुखदेव बड़ीचार के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
सरपंच ने कहा कि सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय को नुकसान पहुंचाना पूरे गांव के हितों के खिलाफ है। उन्होंने मामले को पुलिस अधीक्षक से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रेपोर्टर : अनिल कातरे
लोकेशन : बालाघाट