दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र के मझौली गाँव में आज रविवार सुबह लगभग 8 बजे गांव के लोगो द्वारा लाठी-डंडे से मारपीट कर दंपती को घायल कर दिए जाने की घटना सामने आई। घायल दंपती रेखा देवी (35) पत्नी राकेश पाल और राकेश पाल निवासी मझौली को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से सीएचसी दुद्धी भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में दुद्धी कोतवाली में प्रार्थी राकेश पाल ने तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया है कि प्रार्थी का पुत्र संदीप पाल अपने घर के पीछे आम के पेड़ के नीचे बैठा था, तभी गांव निवासी अशोक पाल पुत्र दयाशंकर पाल ने संदीप को बेवजह गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि वह आम के पेड़ के पास आया तो जान से मार देंगे। घटना पर संदीप की माता रेखा देवी बीच में आईं तो अशोक ने उन्हें भी गालियाँ दीं और फिर अपने छोटे भाई संतोष को बुला लिया।
प्रार्थी के अनुसार, दोनों भाइयों ने मिलकर रेखा देवी व राकेश पाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। प्रार्थी ने बताया कि मारपीट से उन्हें काफी चोटें आईं और घटना के तुरन्त बाद ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस को बुलाकर दोनों को सीएचसी दुद्धी ले जाया, जहां उनका उपचार जारी है।
थाने में दिए तहरीर में राकेश पाल ने अनुरोध किया है कि अशोक और संतोष के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।