दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत के रन्दह बाजार के पास रविवार को बालू लादकर आसनडीह जा रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से 17 वर्षीय किशोर की दबकर मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच चल रही है।
घटना की जानकारी के अनुसार, यह हादसा रन्दह के सागसोती गांव के पास पागन नदी के निकट उस समय हुआ जब ट्रैक्टर बालू लोड कर आसनडीह की ओर जा रहा था। बताया गया है कि रन्दह बाजार के समीप एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और ट्रॉली में मौजूद लोग दब गए। गंभीर रूप से घायल अवधेश (17) पुत्र कैलाश यादव, ग्राम करचाटोला को तत्काल बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल अन्य तीन लोग राजेश (18) पुत्र नन्दकेश्वर, अरविंद (19) पुत्र पारस और छोटूराम (17) पुत्र लखन बताए गए हैं। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ ले गए हैं और उनका इलाज जारी है।
ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने मौके पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने बताया कि युवक मजदूरी करने गया हुआ था और ट्रॉली के पलटने से वह दब गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य बिंदुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।