नई दिल्ली/लखनऊ/बरेली।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया (रजि.) ने देशभर के 101 पत्रकारों को डिजिटल सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान उन पत्रकारों को समर्पित रहा, जिन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज को बुलंद करने के साथ-साथ पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस सम्मान समारोह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, असम और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के पत्रकार शामिल हुए। सम्मानित पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए डिजिटल प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि यह संस्था का सातवां सम्मान समारोह है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और उनकी कलम समाज की वास्तविक आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाती है। ऐसे पत्रकारों का सम्मान करना संस्था के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि संस्था का संदेश स्पष्ट है— “आपकी कलम समाज की आवाज है, हमारा सम्मान आपके साथ है।” संस्था ने देशभर के पत्रकारों से पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने और इस अभियान से जुड़ने का आह्वान भी किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित यह सम्मान समारोह पत्रकारों के मनोबल को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को भी रेखांकित करता है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली