बीना। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रविवार को ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत क्षेत्रीय नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत बीना क्षेत्र के गांवों में नशा मुक्ति रथ में लगे वीडियो शो के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए नशे से होने वाले दुष्परिणाम बताए जाएंगे।
अभियान को ब्रह्माकुमारीज़ के ज्ञान शिखर सेवाकेंद्र से नगर पालिका अध्यक्ष लता सिकरवार, सेवाकेंद्र प्रभारी बीके सरोज दीदी, बीके किरण दीदी, बीके जानकी दीदी सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। विधायक निर्मला सप्रे ने भी अभियान में सहभागिता की। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जन जागरूकता रैली निकाली गई।
इस मौके पर बीके सरोज दीदी ने कहा कि जब व्यक्ति अपने मन में दृढ़ संकल्प कर लेता है कि मुझे नशा छोड़ना है, तब दुनिया की कोई शक्ति उसे रोक नहीं सकती। लेकिन इस संकल्प को मजबूत बनाने के लिए मन को शक्तिशाली बनाना आवश्यक है। राजयोग मेडिटेशन हमें आत्मचेतना, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास प्रदान करता है। यह हमारे विचारों की दिशा बदल देता है। जो व्यक्ति पहले निराशा, तनाव और कमजोरी से घिरा रहता था, वही व्यक्ति ध्यान के माध्यम से आत्मविश्वासी, शांत और शक्तिशाली बन जाता है।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लता सिकरवार ने कहा कि यदि किसी प्रकार का नशा करना ही है तो वह पढ़ाई और ज्ञान प्राप्ति का होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को शिक्षा एवं संस्कारों के माध्यम से अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा दी।
जीवन में स्वास्थ्य सबसे जरूरी –
टीआई अनूप यादव ने कहा कि जीवन में सबसे पहले शारीरिक स्वास्थ्य, दूसरे स्थान पर मानसिक स्वास्थ्य और तीसरे स्थान पर शिक्षा को महत्व देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी और निःशुल्क आदतों से होती है, लेकिन धीरे-धीरे व्यक्ति को बर्बादी की ओर ले जाती है। नशे के कारण अनेक लोग चोरी, मारपीट एवं अन्य अपराधों में संलिप्त हो जाते हैं।
समाज के लिए घातक है नशा –
नशा मुक्ति रथ के संचालक बीके यशवंत भाई ने कह कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। बीके किरण दीदी ने भी नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिकता और राजयोग मेडिटेशन को नशामुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम बताया। संचालन बीके जानकी दीदी ने किया। साथ ही सभी को राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से शांति की गहन अनुभूति कराई। याशिका साहू ने मेडिकल विंग द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। बीके सरस्वती दीदी ने आभार व्यक्त किया।
इन्होंने भी अभियान में सहभागिता की –
अभियान में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वैभव दुबे, जिला समरसता प्रमुख शिवकुमार चौबे, नगर कार्यवाहक हिम्मत सिंह तथा नगर बौद्धिक प्रमुख अतुल गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मिलन सिंह
नेशनल कोऑर्डिनेटर ITN नेशनल लाइव