सोनभद्र /दुद्धी (विवेक सिंह)
जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को जनपद की नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया। यह अभियान आगामी एक सप्ताह तक सतत रूप से चलेगा और वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नगर क्षेत्रों में स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम दिवसीय समीक्षा में उप जिलाधिकारी बगीश कुमार शुक्ला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निगरानी की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से यह भी कहा गया कि नालों से निकाले गए कचरे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन हो।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नाला सफाई और स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने साथ ही जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, अपने आसपास कचरा न फैलाएँ तथा जल निकासी मार्गों को साफ़ बनाने में सहायता दें।
नगर निकायों ने भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश पर सफाई दलों को सक्रिय कर दिया है और आगामी दिनों में नालों की खुदाई, साफ-सफाई तथा कचरा परिवहन के कार्य जारी रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अभियान के दौरान सफाई कर्मियों को सहयोग दें और असुविधा के लिए समझदारी रखें।