राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए शनिवार देर शाम पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। मुख्य स्टेशन मार्ग, झंडा बाजार, रुई बाजार सहित शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में अधिकारियों ने भ्रमण कर सड़क और फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, यातायात सूबेदार सोनम उइके तथा नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक मार्गों को खाली कराया। वहीं सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले कुछ दुकानदारों की सामग्री जब्त कर कार्रवाई भी की गई।
संयुक्त टीम ने फुटपाथों और सार्वजनिक मार्गों पर सामान न रखने तथा यातायात बाधित न करने की अपील की। इसके साथ ही बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात सुचारू बनाने का प्रयास किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़कें आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। अतिक्रमण मुक्त सड़कें शहर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और बाजारों की व्यवस्थित व्यवस्था के लिए भी आवश्यक हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित और जनहितैषी बनाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे। नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं।