फतेहगंज पश्चिमी।
नेशनल हाईवे स्थित माधौपुर ओवरब्रिज पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित हुई बाइक डिवाइडर से टकरा गई जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना एवं कस्बा मीरगंज निवासी हिमांशु किसी आवश्यक कार्य से बाइक द्वारा बरेली जा रहे थे। सोमवार शाम जब वह माधौपुर ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बाइक रेलिंग से टकरा गई और हिमांशु ओवरब्रिज से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। युवक काफी ऊंचाई से नीचे गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली