बारिपदा।
स्थानीय शहीद स्मृति भवन में बारिपदा कलाकार परिवार के तत्वावधान में आयोजित 6वें वार्षिक नाट्य महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को हुआ। संस्था के अध्यक्ष संतोष महांति की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी पूर्णचंद्र भुगुडेई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महोत्सव का उद्घाटन करते हुए इसकी सफलता की कामना की।
कार्यक्रम में सचिव असित गिरी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्रयास शतपथी ने मंच संचालन किया। महोत्सव के प्रथम दिवस पर ओम नाट्य संस्था द्वारा प्रस्तुत, डॉ. बसंत कुमार महापात्र रचित तथा धीर बसा निर्देशित नाटक ‘मुट्ठी भर मिट्टी’ का मंचन किया गया।
नाटक में प्रसन्न कुमार महांति, कृष्णचंद्र दास, ज्ञानरंजन पंडा, जगदीश चंद्र दास, रंजीत कुमार साहू, ज्योति शंकर पटनायक, सुजय महांति, गणेश बेहरा, मैना बारिक तथा आद्याशा दास ने विभिन्न भूमिकाओं में प्रभावशाली अभिनय किया। संगीत निर्देशन शक्ति प्रसाद मिश्र, मंच सज्जा नरसिंह बारिक, प्रकाश संयोजन आनिकेत दास, मंच प्रबंधन देवानंद पात्र तथा गीत लेखन राजेश दास ने संभाला।
नाटक की कहानी ग्रामीण युवाओं के रोजगार की तलाश में शहरों की ओर पलायन, वहां असफलताओं का सामना करने, गलत रास्ते पर भटकने और अंततः निराश होकर गांव लौट आने जैसी सामाजिक समस्याओं पर आधारित थी। कलाकारों के सशक्त अभिनय और जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा उन्हें सोचने पर मजबूर किया।
कार्यक्रम के अंत में निर्देशक सहित सभी कलाकारों को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन संभावना सांस्कृतिक परिषद द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘निर्णय’ का मंचन किया जाएगा।
बारिपदा से खास रिपोर्ट
हिमांशु प्रहाराज