आंवला।
आंवला में भूमि पर अवैध कब्जे और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले से जुड़ा एक धमकी भरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आंवला कस्बा के मोहल्ला बजरिया निवासी सियाराम मौर्य ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनका खेत ताड़गंज में है। वह इस भूमि के एक तिहाई हिस्से के मालिक हैं।
सियाराम मौर्य अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए हिमाचल मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान कुछ दबंगों ने उनकी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया।
जब सियाराम वापस लौटे और उन्होंने अपनी जमीन वापस मांगी, तो दबंगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि ‘बोटी-बोटी काटकर फेंक देंगे, तेरी लाश का भी पता नहीं चलेगा, जमीन भूल जा वरना अपनी जान से हाथ धो बैठेगा’।
पीड़ित ने बताया कि वह इससे पहले भी कई प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि दबंगों के हौसले बुलंद हैं और वे उनकी जमीन पर प्लाटिंग करना चाहते हैं। वे लगातार सियाराम का पीछा कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि ‘शिकायत की तो तेरी पकड़ करके लीवर, किडनी बिकवा देंगे’।
सियाराम मौर्य ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी भूमि कब्जा मुक्त नहीं कराई गई, तो वह परिवार समेत आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि एसएसपी ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस पूरे मामले से संबंधित धमकी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जो घटना की गंभीरता को दर्शाता है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश