आंवला बरेली।
आंवला तहसील के सिरौली क्षेत्र में लीलौर बुजुर्ग गांव में आवासीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना सिरौली के लीलौर बुजुर्ग निवासी कन्यावती पत्नी रघुराज सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि उन्होंने 28 दिसंबर 1988 को विक्रेता रामचरन से भूमि का आधा हिस्सा खरीदा था। तब से वह इस भूमि पर काबिज हैं। उन्होंने अपनी आधी भूमि का कुछ हिस्सा दो अन्य लोगों को भी बेचा है, जो अपनी-अपनी भूमि पर काबिज हैं।
कन्यावती के अनुसार, सोमवार रात विपक्षीगण एक राय होकर उनकी भूमि के आसपास मौजूद थे। जब उनकी आंख लग गई, तो विपक्षियों ने 4 फीट ऊंची खड़ी दीवार गिरा दी। दीवार गिरने की आवाज सुनकर जब वह जागीं, तो विपक्षियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग जाने को कहा।
पीड़िता की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी विपक्षी भाग गए। घटना की सूचना तत्काल 112 डायल पुलिस को दी गई। कन्यावती ने बताया कि ऐसी घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं और पुलिस के आने पर विपक्षी भाग जाते हैं।
वृद्ध महिला पीड़िता ने आशंका जताई है कि विपक्षीगण मिलकर कभी भी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं या अवैध कब्जा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
पीड़िता ने अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला जिला बरेली