राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी द्वारा आयोजित महापौर जनसुनवाई मंगलवार को आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का मंच साबित हुई। नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। खास बात यह रही कि निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहे, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
महापौर श्रीमती सूरी ने जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। पेयजल, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, राजस्व एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
जनसुनवाई के दौरान एक संवेदनशील तस्वीर भी सामने आई। वेंकट वार्ड निवासी दिव्यांग नागरिक अजय निषाद शारीरिक असुविधा के कारण सभागार तक नहीं पहुंच सके। इसकी जानकारी मिलते ही महापौर स्वयं नीचे पहुंचीं और उनकी समस्या सुनी। श्री निषाद ने राशन पर्ची में नाम दर्ज कराने संबंधी शिकायत रखी, जिस पर महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए निराकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। नगर निगम प्रशासन आमजन की सुविधा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से नगर विकास, स्वच्छता और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की भी अपील की।
नगर निगम की यह पहल नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।