शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र से शादी का झांसा देकर युवती के साथ कथित तौर पर दो वर्षों तक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर विवाह का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकर जाने तथा शिकायत करने पर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बगुलाहवा ग्रांट गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि आरोपी युवक ने उससे प्रेम संबंध स्थापित किया और जल्द शादी करने का वादा किया। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने पिछले लगभग दो वर्षों तक उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। इस दौरान जब भी उसने विवाह की बात उठाई, आरोपी टालमटोल करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने साफ तौर पर विवाह करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, युवती का आरोप है कि दूसरी जगह उसका रिश्ता तय होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने शादी तुड़वाने की धमकी दी। बाद में कथित रूप से उसके होने वाले ससुराल पक्ष तक पहुंचकर संबंध खराब कराने का प्रयास किया, जिससे तय विवाह भी टूट गया।
युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर उसके निजी फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। इससे वह काफी भयभीत और तनावग्रस्त है।
लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने पुलिस की शरण ली तथा आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और न्याय दिलाने की गुहार भी लगाई है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।