राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना के साथ वसूली अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बुधवार शाम आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर राजस्व संग्रहण के लिए अभी से सुनियोजित प्रयास करना आवश्यक है।
बैठक में निगमायुक्त ने विगत वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों का आकलन करते हुए कहा कि निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत से राजस्व वसूली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने राजस्व अमले का उत्साहवर्धन करते हुए इस वर्ष भी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल करने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट वसूली करने वाले कर्मचारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानपूर्वक उत्साहवर्धन किया गया। वहीं अपेक्षाकृत कम वसूली करने वाले कर्मचारियों से कारण पूछे गए और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति में लगातार विफल रहने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की होगी।
सुश्री परिहार ने राजस्व अमले को मासिक, साप्ताहिक और दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से करदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर विशेष वसूली अभियान चलाने, डिमांड नोटिस जारी करने तथा बल्क मैसेज के माध्यम से बकाया कर की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेक बाउंस के मामलों में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में नवीन संपत्तियों का निगम अभिलेखों में पंजीयन, आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के उपयोग का सत्यापन तथा आवासीय भवनों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर नियमानुसार कर अधिरोपित करने के निर्देश भी दिए गए।
निगमायुक्त ने नागरिकों को घर बैठे कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीओएस मशीनों के अधिकतम उपयोग और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने पर बल दिया। इसके अलावा जलकर, बाजार शाखा एवं बाजार बैठकी से संबंधित राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निगम स्वामित्व की दुकानों का किराया शत-प्रतिशत वसूलने तथा पीओएस मशीनों के माध्यम से वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।