कैमोर।
गुरुवार 4 जून को हुई हल्की बारिश ने ही नगर परिषद कैमोर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र खलवारा बाजार में जगह-जगह जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्गों पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों में नाराजगी देखी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों के तहत पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति और उचित जल निकासी व्यवस्था के अभाव के कारण बारिश का पानी सड़कों और बाजार क्षेत्र में जमा होने लगा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हल्की बारिश में ही यदि यह स्थिति है तो आगामी मानसून में समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
खलवारा बाजार के एक कपड़ा व्यापारी ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनीष परते से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई।
व्यापारियों का आरोप है कि एक ओर नगर परिषद स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर नगर की मूलभूत समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं। नागरिकों ने नगर परिषद से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट